चूरू, 10 अक्टूबर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को चूरू जिले के सरदारशहर पहुंचकर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री भंवर लाल शर्मा के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने विधायक श्री भंवरलाल शर्मा की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किया और शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान दिवंगत विधायक श्री शर्मा के पुत्र अनिल शर्मा एवं परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढस बधाया।
उल्लेखनीय है कि सात बार सरदारशहर से विधायक चुने गए भंवरलाल शर्मा का रविवार को निधन हो गया था। सोमवार को बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों की मौजूदगी में राजकीय सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, आपदा राहत मंत्री गोविंद मेघवाल, परिवहन राज्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र सिंह ओला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष बृजकिशोर शर्मा, राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती रेहाना रियाज, राजस्थान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ खानू खान बुधवाली, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ कृष्णा पूनिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।