स्कॉटलैण्ड 28 जून। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने स्कॉटलैण्ड पहुँच कर वहाँ की स्कॉटिश पार्लियामेन्ट के सदस्यों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने स्कॉटिश पार्लियामेन्ट के सदस्य संदेश गुलहने और श्रीमती पाम गोशल से एडिनबर्ग में स्कॉटलैण्ड की पार्लियामेन्ट में मुलाकात की। डॉ. जोशी ने दोनों सदस्यों को राजस्थान की विधानसभा, विधानसभा के सदस्यों, विधानसभा में निर्मित राजनैतिक आंख्यान संग्रहालय और सी.पी.ए. के माध्यम से राजस्थान में किये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों व सम्मेलनों के बारे में बताया।
डॉ. जोशी ने दोनों सदस्यों को राजस्थान विधानसभा के प्रक्रिया तथा कार्य संचालन सम्बन्धी नियम के तेरहवें संस्करण की प्रति भी भेंट की। अध्यक्ष डॉ. जोशी को दोनों सदस्यों ने स्कॉटलैण्ड पार्लियामेन्ट और वहां के सदस्यों के बारे में जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि विधान सभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी और प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा 22 जून से तीन देशों यू.के., स्कॉटलैण्ड और आयरलैण्ड की अध्ययन यात्रा पर है। डॉ. जोशी 29 जून को आयरलैण्ड पहुँचेंगे। विधान सभा अध्यक्ष डॉ. जोशी का 3 जुलाई को वापिस दिल्ली आने का कार्यक्रम है।