नई दिल्ली,सैफई:उत्तर प्रदेश: 10 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज सुबह मेंदाता अस्पताल में निधन हो गया ।
वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही उनका पैतृक गांव सैफई शोक में डूब गया। घर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण और सपा समर्थक पहुंचने लगे। नेताजी का पार्थिव शरीर शाम 5:23 बजे सैफई लाया गया। जिस एंबुलेंस से उनके पार्थिव शरीर को सैफई लाया गया उसके पहुंचते ही लोग नेता जी के अंतिम दर्शन के लिए लोग दौड़ पड़े। हर कोई अपने नेता की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखा। मुलायम सिंह यादव का शव गांव में पहुंचते ही ‘नेताजी अमर रहें’, ‘जब तक सूरज चांद रहेगा नेताजी का नाम रहेगा’ के नारे गूंज उठे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सैफई पहुंचकर सपा संरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की।