कोटा ने रचा इतिहास, हाड़ौती क्षेत्र में बढ़ेगा पर्यटन: मुख्यमंत्री

Kota -created -history- tourism -will- increase- in- Hadoti- area- Chief- Minister-rajasthan-india

कोटा, 13 सितम्बर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोटा का ऐतिहासिक विकास स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। कभी पर्यटन में पीछे रहने वाले हाड़ौती क्षेत्र ने इतिहास रचा है।

उन्होने कहा कोटा का विकास सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि के मजबूत संकल्प का अद्भुत उदाहरण है। राजस्थान के पर्यटन में कोटा का जुड़ना बड़ी सौगात है। अब कोटा विकास माॅडल की तरह प्रदेश के विभिन्न शहरों में भी कार्य कराए जाएंगे।

गहलोत ने बुधवार को कोटा में नवनिर्मित आॅक्सीजोन सिटी पार्क का लोकार्पण किया। इसके बाद पार्क का अवलोकन करते हुए सम्पूर्ण जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यहां के कार्यों से अन्य जिलों के जनप्रतिनिधियों और दूसरे राज्यों की सरकारों को भी प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा पहला शहर है, जहां सड़कें ट्रैफिक सिग्नल फ्री हैं। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है। ऐसी व्यवस्था अन्य शहरों में भी कराई जा रही है। उन्होंने स्वायत्त शासन मंत्री शान्ति धारीवाल की विकास के प्रति प्रतिबद्धता की तारीफ करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में प्रदेश में 8.50 लाख पट्टे जारी किए गए। साथ ही, प्रशासन शहरों के संग अभियान ने लोगों को राहत दी है।