जोधपुर, 20 फरवरी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान की परम्परा एवं संस्कृति संवेदनाओं वाली है। हमने हमेशा सेवा का भाव रखा है। राज्य सरकार मानवता की सेवा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का निरन्तर विस्तार कर रही है।
गहलोत सोमवार को जोधपुर में व्यास मेडिसिटी का उद्घाटन करते हुए समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
गहलोत ने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उद्देश्य केवल लाभ कमाने का नहीं होना चाहिए, बल्कि यह सेवा का भी माध्यम है। यदि अन्य राज्य का व्यक्ति भी राजस्थान में आकर बीमार हो तो उसे भी समुचित उपचार मिलना चाहिए।
उन्होंने आह्वान किया कि निजी अस्पतालों को इसके लिए आगे आकर सहयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने निरोगी राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के लिए चिकित्सा क्षेत्र में हरसंभव कदम उठाए हैं। राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।