राजीव गांधी ग्रामीण व शहरी ओलम्पिक खेल 10 जुलाई से

Rajiv- Gandhi- Rural- and -Urban -Olympic- Games -will- start- from -July 10-cm-ashok-gehlot-jaipur-rajasthan-india

जयपुर, 3 जुलाई। मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल-2023 के आयोजन से प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह पैदा होगा, जिसके भविष्य में अच्छे परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं।

गहलोत ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल-2023 के प्रति जन जागरूकता फैलाने के लिए 10 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन कला जत्थों के साथ प्रदेश के सभी ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और खेलों को लेकर जागरूकता फैलाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खेलों के आयोजन से सम्बन्धित मशाल को पूर्व अन्तर्राष्ट्रीय वाॅलीबाॅल खिलाड़ी सुश्री मालती चैहान को सौंपकर रवाना किया। वहीं, श्री गहलोत ने प्रतिभागियों को दी जाने वाली टी-शर्ट, मेडल्स एवं सर्टिफिकेट्स का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 जुलाई से ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों का आयोजन होगा। इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए लगभग 57 लाख खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। उन्होंने कहा कि इन खेलों में बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं एवं नौजवान सब एक साथ खेलते हैं, जिससे प्रदेश में भाईचारा व सद्भावना के साथ ही खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में राजस्थान से उत्कृष्ट खिलाड़ी निकलेंगे, जो प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।