आदिवासियों का उत्थान राज्य सरकार की प्राथमिकता – मुख्यमंत्री

/Upliftment -of -tribals- is- the- priority -of- the -state- government - Chief- Minister-ashok-gehlot- Banswara -rajasthan-india

Banswara बांसवाड़ा, 6 जनवरी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार आदिवासियों के उत्थान तथा आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

गांगड़तलाई में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि प्रदेश में पानी-बिजली से लेकर शिक्षा, चिकित्सा, समाजिक सुरक्षा तक सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है। आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और आमजन के कल्याण की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि वागड़ क्षेत्र के किसानों के खेतों में पानी पहुंचाकर खुशहाली लाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सरकार माही के पानी की हर बूंद का उपयोग करते हुए आदिवासी क्षेत्रों को कृषि हेतु पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
चिरंजीवी योजना से मिल रहा निःशुल्क उपचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रत्येक योजना के केन्द्र में गरीब एवं वंचित लोग हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को महंगे उपचार से मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है। इसमें 10 लाख रूपए तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। किडनी, हार्ट, लीवर ट्रांसप्लांट जैसे महंगे इलाज में 10 लाख की सीमा समाप्त कर सारा खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है। साथ ही, 5 लाख रूपए तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आईपीडी, ओपीडी में सभी प्रकार के उपचार निःशुल्क कर दिए गए हैं। प्रदेश में आमजन की सीटी स्केन, एम.आर.आई. स्केन जैसी महंगी जांचें निःशुल्क की जा रही हैं। इन ऐतिहासिक निर्णयों से राजस्थान स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मॉडल स्टेट बनकर उभरा है।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा ने प्रदेश सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान जन कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों के बेहतर निर्वहन की बदौलत आज देश में मॉडल स्टेट के रूप में अग्रणी पहचान कायम करता जा रहा है।